अल्मोड़ा। सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को अल्मोड़ा में सेवा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित विशेष करियर काउंसलिंग सत्र रहे। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और सफल उद्यमियों ने विद्यार्थियों को करियर के बेहतर विकल्पों की जानकारी देते हुए लक्ष्य तय करने और भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया।
काउंसलिंग के दौरान उद्यमियों ने युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराया। वहीं विशेषज्ञों ने भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों को भर्ती प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताओं और अनुशासन के महत्व की जानकारी दी। इसके अलावा आईएएस और पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी, अध्ययन रणनीति और सफलता के महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध अल्मोड़ा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाओं से अवगत कराया तथा स्थानीय संसाधनों को आजीविका का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया।
करियर काउंसलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। छात्रों ने इस पहल को अपने भविष्य के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की मांग की।