रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यावरण संरक्षण और हरित छावनी के लक्ष्य को लेकर छावनी परिषद रानीखेत ने सोमवार से व्यापक पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ कुमाऊं रेजिमेंट केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर विजयंत महादिक, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) आकाश कुमार शर्मा और एकल सभासद मोहन नेगी ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।
ब्रिगेडियर विजयंत महादिक ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
सीईओ आकाश कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत पूरे छावनी क्षेत्र में करीब 8 हजार पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखरेख पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एकल सभासद मोहन नेगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी रमा नेगी, रेंजर कमल फर्तियाल, राजस्व अधीक्षक राजेंद्र पंत, स्वच्छता निरीक्षक एपी सिंह, जूनियर इंजीनियर गोपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।