गेरू मिट्टी से खिले परंपरा के रंग, ऐपण कार्यशाला में प्रतिभागियों ने रचीं सुंदर चौकियां

रानीखेत। सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय पारम्परिक ऐपण कार्यशाला का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यशाला के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने पारम्परिक ऐपण की विभिन्न चौकियां बनाने के साथ ही रंगवाली पिछोड़ी तैयार करने का प्रारम्भिक अभ्यास भी किया।

मिशन इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशिक्षिका ज्योति साह ने स्कूली बच्चों एवं महिलाओं को कुमाऊं की समृद्ध और आध्यात्मिक लोक कला ऐपण की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने पारम्परिक चौकियां बनाने की विधि को विस्तार से समझाते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

प्रशिक्षार्थियों ने गेरू मिट्टी और बिस्वार का उपयोग करते हुए आकर्षक एवं पारम्परिक चौकियां तैयार कीं, जिससे कार्यशाला का माहौल पूरी तरह लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान गौरव भट्ट, विनीता खाती, हरीश लाल साह, दीपक पंत, परमवीर माहरा और सोनू सिद्दीकी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!