ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह सख्त

मासिक निरीक्षण में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरणों और अभिलेख संधारण की बारीकी से जांच

स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयर हाउस का सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वेयर हाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी मशीनों का रिकॉर्ड अद्यतन रखा जाए और अभिलेखों के संधारण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने वेयर हाउस में प्रवेश एवं निकास की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप लॉक सिस्टम और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को संतोषजनक पाया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों से बातचीत कर उनकी ड्यूटी व्यवस्था एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा कर्मियों के रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया जाए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने में ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!