साइबर ठगों ने डराकर खाते से उड़ाए रुपये, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अल्मोड़ा में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर के बेस कैंपस क्षेत्र निवासी एक युवती को ऑनलाइन धमकी देकर साइबर ठगों ने 1.70 लाख रुपये की ठगी कर ली। घटना के बाद युवती दहशत में है और उसने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे ऑनलाइन माध्यम से चोट पहुंचाने की धमकी दी। ठग लगातार उसे डराते और मानसिक दबाव बनाते रहे। धमकियों से सहमी युवती साइबर अपराधियों के झांसे में आ गई। इसी दौरान ठगों ने उसके खाते से 1 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए।
जब युवती को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उसने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले में बलवंत सिंह रावत ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। साइबर टीम को भी मामले में लगाया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
