अल्मोड़ा। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए अल्मोड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि बरसात के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, राहत एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता, सड़क मार्गों की निगरानी और आपदा नियंत्रण कक्षों को हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नालों और कलवर्टों की नियमित निगरानी करने तथा समय रहते सुरक्षात्मक कार्य पूरे करने को कहा।
डीएम ने कहा कि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए ताकि जलभराव जैसी समस्याएं न हों। साथ ही तहसील और थाना स्तर पर संचार व्यवस्था मजबूत रखने और जरूरत पड़ने पर चेतावनी प्रणाली सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने सिंचाई खंड रानीखेत के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन जैसे गंभीर मामलों में किसी भी अधिकारी की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
