
अल्मोड़ा। गर्मी बढ़ने के साथ ही पहाड़ों में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को अल्मोड़ा और रानीखेत क्षेत्र में जंगलों और आबादी के पास लगी आग ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। कई स्थानों पर आग तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगी, लेकिन फायर सर्विस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
अल्मोड़ा नगर स्थित हेड पोस्ट ऑफिस के पीछे परिसर क्षेत्र में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और होजरील की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के क्षेत्र को नुकसान से बचा लिया गया।
इसके अलावा पनुवानौला से करीब दो किलोमीटर पहले जंगल में भीषण आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलते हुए रिहायशी मकानों की ओर बढ़ने लगी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने एमएफई पंपिंग और होजरील की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और वाहन की पहुंच वाले क्षेत्र में आग पर नियंत्रण पा लिया। जहां वाहन नहीं पहुंच सका, वहां वन विभाग को तुरंत सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई शुरू कराई गई।

अल्मोड़ा फायर यूनिट में एलएफएम योगेश कुकशाल, एफएस डीवीआर विपिन बड़ोला, एफएम जीवन जोशी, डब्ल्यूएफएम मनीषा गोस्वामी और बबीता जोशी शामिल रहे। वहीं नगर क्षेत्र की आग बुझाने में एलएफएम अजब सिंह, एफएस डीवीआर हरि सिंह अधिकारी तथा एफएम कैलाश धपोला और प्रियांशु कुमार ने अहम भूमिका निभाई।
उधर, रानीखेत फायर सर्विस ने भी पिलखोली के पास जंगल में लगी दो अलग-अलग आग की घटनाओं पर काबू पाया। इनमें से एक आग रिहायशी मकानों की ओर बढ़ रही थी, जिसे फायर कर्मियों ने समय रहते रोक दिया। फायर सर्विस की दोनों टीमों ने घंटों मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और फायर विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग ने लोगों से जंगलों और सूखी घास वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा किसी भी आग की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।