
रानीखेत (अल्मोड़ा)। आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी ने अपने सफल एवं प्रेरणादायी नेतृत्व के 25 वर्ष पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनका भव्य सम्मान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां दीं।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य कमलेश जोशी की 25 वर्षों की नेतृत्व यात्रा को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। इस दौरान विद्यालय के फोटोग्राफी क्लब के विद्यार्थियों भार्गव, सची, दीपक, श्रव्या, कृष्णा और अबीर ने उनके नेतृत्व, संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित एक प्रेरक डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार कर उन्हें समर्पित की, जिसने सभी को भावुक और गौरवान्वित कर दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कमलेश जोशी के दूरदर्शी नेतृत्व में विद्यालय ने आधारभूत संरचना विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके मार्गदर्शन में एपीएस रानीखेत ने शिक्षा जगत में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने एक स्वर में कहा कि कमलेश जोशी की कार्यशैली, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण ने विद्यालय को नई दिशा और नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।
सम्मान से अभिभूत कमलेश जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और प्रबंधन समिति के सामूहिक सहयोग और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और आगे भी यही प्रयास जारी रहेंगे।