अल्मोड़ा। जनपद से बड़ी संख्या में चिकित्सकों के तबादले के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक साथ इतने डॉक्टरों के स्थानांतरण से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता चौघानपाटा में एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका गया। इस दौरान पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते वह सफल नहीं हो सकी।

जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि अल्मोड़ा में पहले से ही चिकित्सकों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में डॉक्टरों का तबादला जिला अस्पताल, उप जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को और कमजोर कर देगा। इसका सबसे अधिक असर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों पर पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि जनविरोधी नीतियों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं लगातार कमजोर होती जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि डॉक्टरों के तबादलों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और जिले में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और जनहित के मुद्दों को दबाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने चिकित्सकों के तबादलों पर पुनर्विचार नहीं किया और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र बनाया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस की प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।