नंदादेवी मेले की तैयारियां तेज, महाअष्टमी पर पूरे उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश की उठी मांग

अल्मोड़ा। आगामी माँ नंदादेवी महोत्सव एवं ऐतिहासिक नंदादेवी मेले की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मेले के सफल और भव्य आयोजन को लेकर माँ नंदादेवी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।

समिति ने प्रशासन से मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया। साथ ही सांस्कृतिक विभाग और पर्यटन विभाग से वर्ष 2024 और 2025 के लिए स्वीकृत लंबित अनुदान राशि जल्द जारी करने की मांग की, ताकि मेले की तैयारियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम समय पर पूरे किए जा सकें।

मंदिर समिति ने एक महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए 19 सितंबर 2026 को महाअष्टमी के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया। इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भी भेजा गया। समिति का कहना है कि माँ नंदादेवी प्रदेश की लोकआस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र हैं, इसलिए इस दिन अवकाश घोषित होने से अधिक से अधिक श्रद्धालु पूजा-अर्चना और मेले में शामिल हो सकेंगे।

जिलाधिकारी ने समिति को आश्वासन दिया कि ऐतिहासिक नंदादेवी मेले के सफल आयोजन के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

जिलाधिकारी से मिलने वालों में मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य संयोजक तारा चंद्र जोशी, हरीश कनवाल, पार्षद अमित साह, अर्जुन बिष्ट, अभिषेक जोशी तथा वंदना वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!