शादी की रंजिश बनी खूनी वारदात: युवक की गला रेतकर हत्या, बचाने आई मां-दादी पर भी जानलेवा हमला, आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार

रानीखेत/अल्मोड़ा। रानीखेत के मजखाली चौकी क्षेत्र स्थित ऐना गांव में युवक की निर्मम हत्या और दो महिलाओं पर जानलेवा हमले के सनसनीखेज मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू भी बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो माह पहले एक शादी समारोह में हुए विवाद की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई की रात आरोपी जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह के गले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंची सागर की मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर भी आरोपी ने लोहे के घन और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों महिलाओं का उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रानीखेत पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए।

11 जुलाई को मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगत सिंह बोरा  निवासी ऐना गांव को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग दो माह पहले एक शादी समारोह में उसके दोस्त का मृतक और उसके भाई से विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी, जिसके चलते उसने हत्या और हमले की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!