अल्मोड़ा। आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले, राज्य स्तरीय हरेला पर्व और बहुउद्देशीय शिविर की तैयारियों का जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए उन्होंने सभी विभागों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले वृद्ध जागेश्वर में पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा, सौंदर्यीकरण, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इसके बाद जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए पार्किंग, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने जागेश्वर क्षेत्र के पुजारियों, मंदिर समिति के सदस्यों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने गरुड़ाबांज पहुंचकर राज्य स्तरीय हरेला पर्व और बहुउद्देशीय शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया। यहां मंच, बैठक व्यवस्था, पौधरोपण स्थल, विभागीय स्टॉल, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा और पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्य समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि इन महत्वपूर्ण आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन की भागीदारी के साथ मुख्यमंत्री का प्रस्तावित आगमन भी है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कमियों का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए।