धौलछीना (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले के धौलछीना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हल्द्वानी से बेरीनाग की ओर ईंट और सीमेंट लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर धौलछीना के पास कलोंन गांव के समीप गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या यूके-04 सीसी-1386 निर्माण सामग्री लेकर बेरीनाग जा रहा था। इसी दौरान कलोंन गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने ट्रक में फंसे चालक गणेश राम, निवासी डीडीहाट, को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि चालक को मामूली चोटें आई हैं और उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
रविवार सुबह हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। खाई में गिरे ट्रक को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। समय पर राहत कार्य कर चालक की जान बचाने पर स्थानीय लोगों ने धौलछीना पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।