रानीखेत। जन्मदिन को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अपनी बड़ी सुपुत्री के जन्मदिवस के अवसर पर रानीखेत के निर्वाणा पार्क (रानीझील के निकट) में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पार्क परिसर की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्व निभाने का भी समय है। उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, निर्मल जल और हराभरा पर्यावरण देना है तो आज से ही प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेना होगा।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ केवल छाया या फल नहीं देता, बल्कि धरती के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों की सांसों की सुरक्षा भी करता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि जीवन के हर शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें।
कार्यक्रम के बाद सायं 4 बजे करन माहरा रानीखेत स्थित श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद वितरण किया और भगवान महादेव से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि “प्रकृति की सेवा और मानवता की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है।”
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, कमलेश बोरा, महिला जिला अध्यक्ष गीता पावर, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।