अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक पूरे जनपद में ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बस स्टेशनों, पार्कों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराया जाएगा। साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
15 अगस्त को सुबह प्रभातफेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सभी सरकारी, गैर-सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि जिला अधिकारी कार्यालय में सुबह 9:30 बजे राष्ट्रगान, वंदे मातरम् के सामूहिक गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान हर नागरिक की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और आमजन से ध्वज संहिता का पालन करते हुए अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय से लेकर तहसील और पंचायत स्तर तक सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।