
गरमपानी/कैंची धाम। श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने सोमवार को अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित होमस्टे, होटल और रेस्टोरेंटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई से कैंची, निगलाट, गरमपानी और खैरना क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
उपजिलाधिकारी मोनिका और तहसीलदार भुवन चंद भंडारी के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों ने कुल 44 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 12 होमस्टे बिना पंजीकरण और अन्य गंभीर अनियमितताओं के साथ संचालित होते पाए गए। प्रशासन ने इन सभी होमस्टे को बंद करने की संस्तुति जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को भेज दी है।
इसके अलावा 19 होमस्टे, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरे, आगंतुक अभिलेख और अन्य जरूरी सुविधाएं तत्काल ठीक करने को कहा है। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छापेमारी अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील, रवि पांडे समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र के होटल और होमस्टे संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।