भवाली में मौत की खाई में समाई कार: एक ही परिवार के चार समेत पांच की दर्दनाक मौत

भवाली-सेनिटोरियम रोड पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में खटीमा के एक ही परिवार के चार सदस्य और कार चालक शामिल हैं। दो बच्चों की मौत से इलाके में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार करीब 2:15 बजे सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के पास एक महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और SSB की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा कैड़ा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल निवासी खटीमा के रूप में हुई है। वहीं कार चालक 34 वर्षीय अनुज कुमार मिश्रा निवासी लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और SDRF की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!