प्रॉपर्टी के लिए भाई बना हैवान! प्रेमिका संग मिलकर कराई अजय भटेजा की हत्या, एक साल बाद खुला राज

                                                   

देहरादून। राजधानी देहरादून के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दून पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज हत्या के पीछे मृतक का सौतेला भाई ही मास्टरमाइंड था, जिसने प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस पहले ही उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ में राजन ने खुलासा किया कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय की हत्या की थी।

जांच में सामने आया कि मृतक अजय भटेजा और उसके भाई अमित भटेजा के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि अमित ने राजन को हत्या की सुपारी दी थी और बदले में जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का वादा किया था।

योजना के तहत आरोपी देहरादून पहुंचे और अजय के घर पर ही ठहरे। पहले अजय को शराब पिलाकर संपत्ति के दस्तावेज हासिल करने की कोशिश की गई, लेकिन जब वह सफल नहीं हुए तो राजन ने तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान हुमेरा भी मौके पर मौजूद थी और उसने सबूत मिटाने में अहम भूमिका निभाई।

हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। इसके लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाए गए और सीसीटीवी डीवीआर व जरूरी दस्तावेज अपने साथ ले गए।

करीब एक वर्ष तक फरार रहने के बाद पुलिस ने 23 मई 2026 को हुमेरा को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे षड्यंत्र और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!