बेतालघाट थाने में विजिलेंस का छापा

  • खनन कारोबारी से वाहनों को सीज करने की धमकी देकर मांगी जा रही थी रिश्वत
  • विजिलेंस की ट्रैप टीम ने रंगे हाथ दबोचा आरोपी कांस्टेबल
  • 45 हजार की रिश्वत लेते कांस्टेबल गिरफ्तार
  • वाहनों को सीज करने की धमकी देकर खनन कारोबारी से वसूली का आरोप
  • सतर्कता विभाग की कार्रवाई से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

नैनीताल जिले के बेतालघाट में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने बेतालघाट थाने में तैनात एक कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी के बाद थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार बेतालघाट क्षेत्र के एक खनन कारोबारी ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि वह खनन पट्टे से आरबीएम निकालकर आसपास के स्टोन क्रशरों तक पहुंचाने का कार्य करता है, लेकिन बेतालघाट थाने में तैनात कांस्टेबल लगातार उसके वाहनों को रोककर चालान और सीज करने की धमकी दे रहा था। आरोप था कि पुलिसकर्मी लंबे समय से 45 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस ने विशेष ट्रैप टीम गठित की। सोमवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी कांस्टेबल ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सामंत निवासी बिलहरी, चकरपुर, खटीमा, जिला ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सफल कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। वहीं इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मची हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!