
चौखुटिया। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को लेकर बुधवार को तड़ागताल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने तड़ागताल झील परियोजना, चौखुटिया-गनाई मोटर मार्ग तथा क्षेत्र की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की सड़कों के विकास को लेकर स्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल शाही, गोपाल गोस्वामी, दीपक नेगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। तड़ागताल सुधार समिति के अध्यक्ष बुद्धि सिंह बिष्ट ने झील परियोजना और सड़क संपर्क से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि तड़ागताल झील परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भाजपा नेता अनिल शाही और समिति अध्यक्ष बुद्धि सिंह बिष्ट का एक शिष्टमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। शिष्टमंडल मुख्यमंत्री को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए सिंचाई और पर्यटन विभाग को संयुक्त रूप से झील विकास का संकल्पना पत्र तैयार करने के निर्देश देने का अनुरोध करेगा।
इसके साथ ही चौखुटिया-गनाई मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिलाने की दिशा में भी पहल तेज करने पर सहमति बनी। प्रस्तावित शिष्टमंडल केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा से दिल्ली में मुलाकात कर इस मार्ग के सामरिक, पर्यटन और सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए महत्व को रेखांकित करेगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का मानना है कि यह मार्ग सेना की आवाजाही के लिए वैकल्पिक संपर्क मार्ग बनने के साथ-साथ कैंची धाम क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
बैठक में पीएमजीएसवाई के तहत लंबित सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने आश्वासन दिया कि इन सड़कों की स्वीकृति और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने तड़ागताल झील परियोजना और सड़क विकास से जुड़े प्रस्तावों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार शीघ्र ही ठोस कदम उठाकर इन महत्वाकांक्षी योजनाओं को अमलीजामा पहनाएगी।