नैनीताल में बड़ा हादसा: 50 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक, SDRF ने देवदूत बन बचाई जान

                             

चाइना पीक ट्रैकिंग के दौरान मचा हड़कंप, दोस्तों की चीख-पुकार से गूंजा जंगल

सरोवर नगरी नैनीताल के प्रसिद्ध चाइना पीक (नैना पीक) ट्रैकिंग रूट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रैकिंग के दौरान एक युवक अचानक संतुलन खो बैठा और करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक की जान बचा ली।

मुरादाबाद का रहने वाला है घायल युवक

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मानपुर चौकी क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय साजिद पुत्र खुर्शीद अपने दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। सोमवार को सभी दोस्त चाइना पीक ट्रैकिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक साजिद का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।

झाड़ियों में फंसा मिला युवक

खाई में गिरने के बाद युवक झाड़ियों के बीच फंस गया। उसके दोस्तों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही SDRF की टीम राहत और बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

दुर्गम रास्तों के बीच चला रेस्क्यू अभियान

चाइना पीक का रास्ता बेहद खतरनाक और ढलान वाला होने के बावजूद SDRF जवानों ने हिम्मत नहीं हारी। टीम ने रस्सियों के सहारे गहरी खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और सुरक्षित बाहर निकाला।

स्ट्रेचर पर कई किलोमीटर पैदल लाया गया

रेस्क्यू के बाद जवानों ने घायल साजिद को स्ट्रेचर पर लिटाकर ऊबड़-खाबड़ और पथरीले रास्तों से मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इस दौरान टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती

हादसे में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। SDRF टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल नैनीताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक अब खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!