
प्रशासन ने आनन-फानन में खोला क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग, ट्रैफिक डायवर्ट
अल्मोड़ा, गुरुवार।
अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील क्वारब डेंजर जोन में एक बार फिर भूस्खलन का बड़ा खतरा सामने आया है। गुरुवार को अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरे, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री बीच रास्ते में फंस गए।
गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ी दरकी, उस वक्त कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बिना निर्माण कार्य के ही भरभराई पहाड़ी
हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय संबंधित निर्माण कंपनी द्वारा हाईवे पर कोई कटिंग या सुधारीकरण कार्य नहीं किया जा रहा था। बावजूद इसके, पहाड़ी के अत्यधिक संवेदनशील और कच्चे होने के कारण अचानक भारी भू-स्खलन हो गया।
आपात स्थिति में खुला क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और एनएच विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। लंबे समय से बंद पड़ा क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग तत्काल प्रभाव से वाहनों के लिए खोल दिया गया। फिलहाल छोटे और जरूरी वाहनों को इसी मार्ग से सुरक्षित निकाला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रशासन और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम ने इस वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया था, लेकिन डीएम अल्मोड़ा की अनुमति की आधिकारिक प्रति विभाग को नहीं मिली थी। इसी बीच अचानक हाईवे बंद होने से प्रशासन को तुरंत निर्णय लेना पड़ा।
एनएच विभाग ने संभाला मोर्चा
एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि क्वारब में अचानक भारी पत्थर और बोल्डर गिरने से मुख्य मार्ग बाधित हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चौंसली लिंक मार्ग से यातायात शुरू करा दिया गया है।
पुलिस जवान मौके पर मुस्तैद
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कांस्टेबल अंकित सुयाल और गोपाल बिष्ट मौके पर तैनात हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार वाहनों को सुरक्षित निकालने में जुटी हुई है।
मुख्य बिंदु
- क्वारब डेंजर जोन में अचानक भारी भू-स्खलन
- अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पूरी तरह बंद
- दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें
- सैकड़ों यात्री रास्ते में फंसे
- प्रशासन ने तुरंत खोला क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग
- ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्ग से किया गया डायवर्ट
- पुलिस और एनएच विभाग मौके पर तैनात