बीटीकेआईटी द्वाराहाट में दैनिक वेतनभोगियों का आंदोलन उग्र होने की चेतावनी, 11वें दिन भी जारी रहा धरना

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बीरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (बीटीकेआईटी) द्वाराहाट में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का विनियमितीकरण (स्थायी नियुक्ति) की मांग को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन बुधवार को 11वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने कॉलेज के प्रशासनिक भवन परिसर में एकत्र होकर कॉलेज प्रशासन और शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा अपनी मांगों को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।

आंदोलनकारी कर्मचारियों का कहना है कि उनकी एकमात्र मांग लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों का विनियमितीकरण कर उन्हें स्थायी नियुक्ति प्रदान करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में 11 जून 2026 को सचिव, तकनीकी शिक्षा उत्तराखण्ड को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन आज तक उस पर कोई अनुमोदन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि विनियमितीकरण की प्रक्रिया में और अधिक देरी की गई तो उनका आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी।

धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व ग्राम प्रधान कूना दयाल सिंह बिष्ट तथा ग्राम पंचायत मल्ली मिरई के प्रधान पति ललित सिंह राणा ने आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कर्मचारियों की मांगों को जायज बताया और शीघ्र समाधान की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत सहित कुन्दन रावत, विनेश, सावित्री देवी, नरेश कुमार, धन सिंह अधिकारी, पुष्पा मठपाल, रुबी देवी, जसूली देवी, मदनपाल, कमल सिंह बजेठा, रमेश मठपाल, खजान चन्द्र नौगाई, गोपाल उपाध्याय, दयाल गिरी, गणेश अधिकारी, दीपक बजेठा, नित्यानंद उप्रेती, कमल बजेगा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!