NEET-2026 पर पुलिस का कड़ा पहरा: मेटल डिटेक्टर से होगी जांच, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर

                                                                   

अल्मोड़ा। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-2026 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच से लेकर सोशल मीडिया पर निगरानी तक के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में नोडल अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने शनिवार को रानीखेत में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने रानीखेत और द्वाराहाट क्षेत्र में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं गोपनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से गहन जांच एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

पुलिस ने परीक्षा को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा गया है।

जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!