
अल्मोड़ा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर योगमय हो उठा। ‘वृद्धावस्था पर योग’ थीम के तहत आयोजित भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में लगभग 515 लोगों की सहभागिता रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को योग अपनाने की प्रेरणा दी।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में एसएसबी, योग निलयम, गायत्री परिवार, ग्रीन फाउंडेशन, आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योगपीठ, मानसखंड, नमामि गंगे सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान योग साधकों ने विशेष योग प्रदर्शन भी प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित किया। योग दिवस के इस आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि भारतीय योग परंपरा के महत्व को भी नई ऊर्जा के साथ जन-जन तक पहुंचाया।