
अल्मोड़ा। उद्यान विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार का पदोन्नति के साथ संयुक्त निदेशक उद्यान पद पर तबादला हो गया है। उनके स्थान पर कंचन शाही ने मुख्य उद्यान अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया है।
शनिवार को उद्यान कार्यालय में डॉ. नरेंद्र कुमार को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में नवनियुक्त मुख्य उद्यान अधिकारी कंचन शाही, अपर उद्यान अधिकारी गौरी दत्त जोशी, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक किशन सिंह बिष्ट तथा अस्मिता जलाल सहित अन्य अधिकारियों ने डॉ. नरेंद्र कुमार की कार्यशैली की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ विभागीय कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और कर्मचारियों को साथ लेकर चलने की मिसाल पेश की।
अपने संबोधन में डॉ. नरेंद्र कुमार ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्टाफ की ओर से उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नवागंतुक मुख्य उद्यान अधिकारी कंचन शाही का भी स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर उद्यान अधिकारी गौरी दत्त जोशी ने किया।
इस अवसर पर ज्योति प्रकाश अलमिया, नारायण सिंह बिष्ट, जगदीश बिष्ट, दीपक आर्य, आकाश तिवारी, रेखा तिवारी, अंजना आर्य, मंजू पाठक, प्रतीक नयाल, अविनाश कुमार सहित विभाग के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।