सिर्फ 259 रुपये में हाईस्पीड इंटरनेट! पहाड़ के गांवों के लिए BSNL का बड़ा तोहफा

                                                                       

अल्मोड़ा। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए बीएसएनएल ने नया ‘रूरल एंट्री एफटीटीएच ब्रॉडबैंड प्लान’ लॉन्च किया है। इस योजना के तहत अब पहाड़ के गांवों में रहने वाले लोगों को बेहद किफायती दर पर हाई-स्पीड इंटरनेट और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा मिलेगी।

बीएसएनएल के एजीएम (ट्रांसमिशन) हल्द्वानी अनूप गोस्वामी ने बताया कि इस प्लान की शुरुआती कीमत मात्र 259 रुपये प्रतिमाह रखी गई है। उपभोक्ताओं को इस प्लान में 25 Mbps तक की इंटरनेट स्पीड के साथ हर महीने 700 जीबी डेटा मिलेगा। खास बात यह है कि 700 जीबी डेटा की सीमा पूरी होने के बाद भी इंटरनेट सेवा बंद नहीं होगी, बल्कि 2 Mbps की स्पीड से चलती रहेगी।

योजना के तहत उपभोक्ताओं को सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा मुफ्त मॉडेम, मुफ्त इंस्टॉलेशन और बीएसएनएल वेव्स ओटीटी सब्सक्रिप्शन भी दिया जाएगा, जिससे मनोरंजन और इंटरनेट सेवाओं का लाभ एक साथ मिल सकेगा।

बीएसएनएल ने लंबी अवधि के ग्राहकों के लिए भी आकर्षक विकल्प पेश किए हैं। 6 माह का प्लान 1,449 रुपये और एक वर्ष का प्लान 2,849 रुपये में उपलब्ध होगा।

बताया जा रहा है कि नेटवर्क समस्याओं से जूझ रहे पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह योजना किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। इससे गांवों में ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सेवाओं, रोजगार और मनोरंजन के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!