हल्द्वानी। भोटियापड़ाव क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर बैठाकर युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दो हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर निवासी प्रदीप सिंह बोरा ने 28 जून को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 24 जून को दो अज्ञात युवक उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां दोनों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उनका मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये लूट लिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान कर 28 जून को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजपुरा निवासी अभय सिंह उर्फ उड़ी तथा फूलचौड़ निवासी रवि रौतेला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दो हजार रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त होंडा सीबीआर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की भी बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक कृपाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल मुकेश सिंह भी शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिलने के साथ ही क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।