भवाली (नैनीताल)। नैनीताल जिले के भवाली थाना क्षेत्र के ग्राम गड़गांव (नथुवाखान) में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 59 वर्षीय किसान मोहन सिंह बिष्ट ने अपने ही घर के पूजा कक्ष में अवैध बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मोहन सिंह बिष्ट पुत्र स्वर्गीय उदय सिंह बिष्ट बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर के पूजा कक्ष में पहुंचे और वहीं अवैध बंदूक से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भवाली थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस कमरे में घटना हुई, उसी में चारपाई लगी थी और पूजा स्थल भी बनाया गया था। कमरे में राधा-कृष्ण सहित कई देवी-देवताओं की तस्वीरें लगी थीं। घटना के बाद बंदूक भी वहीं पड़ी मिली, जिससे आत्महत्या किए जाने की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि मृतक खेती-बाड़ी का कार्य करते थे और अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो विवाहित पुत्र हैं।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बंदूक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह मृतक के पास कैसे पहुंची और उसका स्वामित्व किसके नाम पर था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।