19 लाख की बैंक ठगी का पर्दाफाश: जाली दस्तावेजों से लोन लेकर फरार वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक से जाली दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराकर बैंक को चूना लगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) प्रथम वृत्त के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, शाखा अल्मोड़ा के प्रबंधक समीर भटनाकर ने 4 नवंबर 2025 को कोतवाली अल्मोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार ने फर्जी दस्तावेज जमा कर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराई और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से धोखाधड़ी कर ऋण प्राप्त कर लिया।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने 9 जुलाई 2026 को आरोपी हिमांशु कुमार, निवासी दरकोट, पोस्ट रॉथी, थाना मुनस्यारी, जिला पिथौरागढ़, को चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 336(3), 338 और 340(2) भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल सुन्दर लाल बाराकोटी और सूरज कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!