चौखुटिया। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क स्पेशलिस्ट जनसेवा शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में कुल 710 मरीजों का पंजीकरण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपचार किया, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली।
समापन दिवस पर 146 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, 48 एक्स-रे और 53 रक्त जांच की गई। अवकाश के दिन भी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देकर मरीजों की जांच व उपचार किया, जिसकी लोगों ने सराहना की।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमजद खान ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था।
ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल सक्सेना ने बताया कि सरकार का लक्ष्य एक ही स्थान पर नि:शुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना है।
शिविर के अंतिम दिन हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.एस. नेगी, डॉ. मनीष पाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. तोशी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. देविका खत्री और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनंत गुप्ता सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार किया। शिविर के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।