रानीखेत। हरेला पर्व के अवसर पर भूमि संरक्षण वन प्रभाग, रानीखेत की सभी रेंजों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम खनिया ग्राम सभा स्थित गोल्जू मंदिर परिसर में आयोजित हुआ, जहां प्रभागीय वन अधिकारी संतोष कुमार पंत और ग्राम प्रधान श्रीमती मंजुला बिष्ट ने देवदार के पौधे रोपकर अभियान का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्कूली बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूल बैग भी वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह, गगास के वन क्षेत्राधिकारी राजीव जोशी, प्रधानाध्यापिका दीपा पंत, अंजू जोशी, मुकेश जोशी, मदन सिंह, कमल पटवा, गोपाल रावत सहित अनेक ग्रामीण एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा ताड़ीखेत, जलली, द्वाराहाट, चौखुटिया, गैरसैंण और शालदेव रेंजों में भी संबंधित वन क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में हरेला पर्व पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी रेंजों में मिलाकर कुल 15,000 पौधों का रोपण किया गया।
वन विभाग ने हरेला पर्व के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।