लीसा माफियाओं पर वन विभाग का बड़ा प्रहार, 203 टिन अवैध चीड़ लीसा जब्त

मुखबिर की सूचना पर सुनसान मकान में छापा, एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप

नैनीताल। नैनीताल वन प्रभाग ने अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 203 टिन अवैध चीड़ लीसा बरामद कर जब्त किया है। भीमताल-बेतालघाट-कालापातल मोटर मार्ग पर एक सुनसान पुराने मकान में छापेमारी कर वन विभाग की विशेष टीम ने भारी मात्रा में लीसा कब्जे में लिया। जब्त लीसा को सीज कर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार और उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद के निर्देशन में वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन क्षेत्राधिकारी विजय चन्द्र भट्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापा मारा और 203 टिन अवैध चीड़ लीसा बरामद किया।

वन विभाग के अनुसार, एक सप्ताह पहले ही रानीबाग फॉरेस्ट चेक पोस्ट पर अवैध लीसा से भरा ट्रक पकड़ा गया था। ऐसे में लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई को लीसा माफियाओं पर वन विभाग की सख्ती का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

वन क्षेत्राधिकारी विजय चन्द्र भट्ट ने कहा कि पूरे नैनीताल वन प्रभाग में निगरानी और सघन की गई है तथा वन अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध वन कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!