कमर्शियल गैस के बढ़ते दामों पर भड़का गुस्सा, रानीखेत में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन

रानीखेत । कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ रानीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस कमेटी रानीखेत के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने छोटे दुकानदारों, होटल-ढाबा संचालकों और व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे व्यापारियों के लिए अब अपना व्यवसाय चलाना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा संकट मंडरा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम व्यापारियों और मध्यम वर्ग की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। इस विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। वहां महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार , नेहा माहरा, कुलदीप कुमार, रमेश पंत,सोनू सिद्दीकी, प्रमोद पाल, दीप उपाध्याय, सुरेन्द्र पवार, प्रदीप रावत, महिपाल सिंह मेहरा, जीतन जयाल, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!