
रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी को सीबीएसई देहरादून क्षेत्र द्वारा ‘श्रेष्ठ रिसोर्स पर्सन’ के रूप में सम्मानित किया गया है। उन्हें यह प्रशंसा प्रमाण पत्र शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समर्पित सेवा के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह डीपीएस हरिद्वार में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि डायरेक्टर (ट्रेनिंग यूनिट, सीबीएसई) प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव तथा ज्वाइंट डायरेक्टर, सीओई देहरादून असिस्टेंट प्रोफेसर मनीष कुमार त्यागी ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कमलेश जोशी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से जोड़ना है, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को व्यापक स्तर पर बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने इस सम्मान को अपनी टीम और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं समस्त विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।