
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक कार संख्या UK04 T 6683 सुबह करीब साढ़े चार बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। वाहन में तीन लोग सवार थे, जो नौघरिया (सिनौड़ा) क्षेत्र में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौटकर चमड़खान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे खाई में समा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। SDRF जवानों ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम डौड़ाखाल तहसील रानीखेत (उम्र 32 वर्ष) की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों जागरी का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में रातभर जागर लगाने के बाद अपने घर लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।