
नैनीताल में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद जनपद में स्कूल बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और संचालकों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में निरीक्षक यातायात महेश चन्द्रा के नेतृत्व में टीम ने भीमताल और भवाली मार्ग पर संचालित स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान 06 स्कूल बसों को रोककर उनकी गहन जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बसों में सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा। राहत की बात यह रही कि जांच की गई सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे पाए गए, जिससे बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ संतोषजनक स्थिति सामने आई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए।
पुलिस के इस अभियान से स्कूल वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है, जबकि अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठाए गए इस कदम की सराहना की है।