
अल्मोड़ा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सल्ट थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17.489 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 4.37 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कठपतिया तिराहे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल UK04-AG-5474 को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक सवार दो युवकों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी के पिठ्ठू बैग से 8.920 किलोग्राम और दूसरे के कट्टे से 8.560 किलोग्राम गांजा मिला। कुल बरामद गांजे का वजन 17.489 किलोग्राम है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल रावत निवासी ग्राम टेड़ा, थाना रामनगर, जिला नैनीताल तथा गौरव रावत निवासी रिवाली रणथमवल, थाना सल्ट, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई लखविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल आरिफ हुसैन, अवधेश कुमार और हेमंत मनराल शामिल रहे।