
रामनगर। बैलपड़ाव में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई लाइनमैन की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। मृतक की पत्नी ने पांच लोगों पर अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बैलपड़ाव निवासी सुमन देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति देवेंद्र का होशियार सिंह भंडारी, दर्शन जोशी, कमल भट्ट, विशाल सैनी और काशीपुर के एक ठेकेदार ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। आरोप है कि सभी ने मिलकर देवेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होशियार भंडारी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।