
भीमताल/रामगढ़। रामगढ़ क्षेत्र में एक गाय की हत्या कर उसके अंग काटने और शव को दफनाने के आरोप से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों के लोगों ने इस मामले को लेकर भीमताल सीओ कार्यालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
निरंजनी अखाड़ा अध्यक्ष विवेकानंद सरस्वती ने आरोप लगाया कि हिंदू बाहुल्य क्षेत्र रामगढ़ में गाय की निर्मम हत्या कर उसके अंग काटे गए और बाद में शव को दफना दिया गया। उन्होंने कहा कि यह घटना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है और पुलिस को तत्काल जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी करनी चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भवाली पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण उन्हें सीओ कार्यालय तक आना पड़ा। जिला मंत्री मनोज भट्ट, मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट और कुंदन चिलवाल समेत कई नेताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
वहीं, सीओ रविकांत सेमवाल ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसडीएम की अनुमति के बाद गाय के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान खजान भट्ट, लवेंद्र क्वीरा, पवन दरम्वाल, मुदित जोशी, किशन बिष्ट, पूरन चंद्र उपेंद्र, नीरज मेर, प्रत्यक्ष दरम्वाल और हेमराज नयाल सहित कई लोग मौजूद रहे।