साइबर अपराध, नशा और पर्यटन पर राज्यपाल सख्त, अधिकारियों को दिए लक्ष्य आधारित कार्य के निर्देश

 

                                                                 

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने गुरुवार को अल्मोड़ा स्थित सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाबद्ध और लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए तथा साइबर फ्रॉड, नशा उन्मूलन, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण और पर्यटन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राज्यपाल को जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, पर्यटन विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने कानून-व्यवस्था की स्थिति, जनसुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा पुलिस विभाग की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर कार्य होने से न केवल जनपद का समग्र विकास होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों की सराहना करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!