बड़े सपने देखें, लोकल से ग्लोबल सोच विकसित करें: राज्यपाल गुरमीत सिंह

                                                   

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह संपन्न, 15 मेधावियों को मिले पदक, 48 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह गुरुवार को विवेकानंद सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए गए। राज्यपाल ने 15 मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए गए, जबकि पांच विद्यार्थियों को प्रायोजित स्मृति स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विषयों के 48 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित “विधि सहयोगी ऐप” तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ. ललित चंद्र जोशी की पुस्तक “पत्रकारिता : संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां” का विमोचन भी किया। इस अवसर पर पदक प्रायोजकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से “लोकल टू ग्लोबल” सोच अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, मूल्य और अनुभव जीवन में सफलता की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, तकनीक और सूचना प्रौद्योगिकी को भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए युवाओं से इन क्षेत्रों में दक्षता विकसित करने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में स्थापित नवाचार एवं शोध केंद्रों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विस्तार योजनाओं, शोध गतिविधियों और शिक्षण गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन प्रो. एस. ए. हामिद ने किया।

समारोह में विधायक मनोज तिवारी, महापौर अजय वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!