मुख्यमंत्री धामी को दिखाए काले झंडे, युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन; कई कार्यकर्ता हिरासत में

                                                           

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रविवार को दन्या पहुंचने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर अपना आक्रोश जताया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, महंगाई, खराब सड़कें और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार गंभीर नहीं है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट ने कहा कि सरकार युवाओं के सवालों से घबरा चुकी है और रोजगार तथा भर्ती संबंधी मुद्दे उठाने वालों को गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनजागरण अभियान के साथ आंदोलन को और तेज करेगी।

जागेश्वर विधानसभा अध्यक्ष विरेंद्र सिंह मलारा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष विक्रम फर्त्याल, ब्लॉक अध्यक्ष राजकमल, प्रदेश सचिव प्रदीप बिष्ट, गोलू सतवाल, कपिल बहुगुणा, हरीश राम, भगवान सिंह, पंकज सिंह, दिनेश पांडेय, गिरीश जोशी, सूरज मेहरा, करन बड़वाल, हर्षिता बड़वाल, नेहा बड़वाल सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!