
हल्द्वानी/नैनीताल। मिशन ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहा जिलाबदर अपराधी तपन दास आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस ने उसे 20 अवैध नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित रहा है और उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई भी हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार रविवार शाम थाना मुखानी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कमालवागांजा रोड स्थित स्टील फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तपन दास (24 वर्ष) पुत्र विनोद दास निवासी गणपति विहार, कमालवागांजा रोड, हरिपुर नायक, मुखानी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी, लूट तथा शस्त्र अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसके खिलाफ पूर्व में उत्तराखंड गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल द्वारा उसे जिलाबदर भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह क्षेत्र में रहकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार तथा थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में अभियान लगातार जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल रवींद्र खाती शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।