
अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कठपुड़िया से कलोड़िया (कतूनियां) तक बनने वाले 1.850 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। 55.60 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण विकास का नया अध्याय लिखेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि किसी भी क्षेत्र की प्रगति और समृद्धि की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन को आसान बनाना उनकी प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि नए मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों का आवागमन सुगम होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड को हर क्षेत्र में आदर्श और सशक्त राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर रेखा आर्या ने क्षेत्र के लिए अतिरिक्त विकास योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने बंगसर स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए विधायक निधि से 3.50 लाख रुपये तथा कलोड़िया में बारात घर निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों की घोषणाओं का स्वागत करते हुए क्षेत्र के लिए इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।