सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। ज्ञानोदय हाईस्कूल, सोमेश्वर में पूर्व केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की अर्धवार्षिक बैठक अध्यक्ष कैलाश सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व अर्धसैनिक बलों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष अल्मोड़ा तारा दत्त शर्मा तथा ब्लॉक अध्यक्ष पूरन सिंह जोशी रहे। वक्ताओं ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के लिए कल्याण बोर्ड के गठन, वन रैंक-वन पेंशन (OROP) को शीघ्र लागू करने, शहीद का दर्जा प्रदान करने तथा वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग उठाई।
इसके अलावा झंडा दिवस कोष को सेना की तर्ज पर लागू करने, सेना की स्पेशल पे की तरह CABF स्पेशल पे देने, प्रत्येक माह हर ब्लॉक में मोबाइल कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा सेना के AFMC पुणे की तर्ज पर CAPF मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष जगत सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष पदम नाथ, संरक्षक मोहन सिंह बोरा, वरिष्ठ कार्यकर्ता जोगा सिंह, राम सिंह बिष्ट, हयात सिंह सहित अनेक पूर्व अर्धसैनिक जवान उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सरकार से लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।