द्वाराहाट । क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर पिछले 24 दिनों से चल रहा आंदोलन आज समाप्त हो गया। अपराह्न में शासन, प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलनकारियों ने अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
उत्तराखंड शासन के तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पत्र जारी कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार द्वाराहाट स्थित बीटीकेआईटी परिसर के अंतर्गत ग्राम डढोली में लगभग 0.153 हेक्टेयर भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित किए जाने का प्रस्ताव है। शासन स्तर से इस प्रस्ताव को अनापत्ति प्रदान कर दी गई है तथा भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है।
जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं, ताकि भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित की जा सके। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
इससे पहले विधायक मदन सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज और तहसीलदार तीतिक्षा जोशी ने आंदोलनकारियों के साथ विस्तृत वार्ता की। वार्ता के बाद लिखित समझौता हुआ, जिसमें प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर इसी शैक्षणिक सत्र में विद्यालय शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि जन एकता मंच को एक सप्ताह के भीतर भूमि हस्तांतरण से संबंधित खतौनी उपलब्ध करा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
इसके पश्चात विधायक, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार ने आमरण अनशन पर बैठे गोविंद सिंह अधिकारी तथा पूर्व में अनशन कर चुके नंदिता भट्ट, भुवन लहरी और नवीन मैनाली को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया।इस दौरान जन एकता मंच के विनोद जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, सभासद हेम मठपाल, निरंजन साह, हेम रावत, जगत रौतेला, जोधा सिंह, उमेश भट्ट, आशुतोष शाही, भूपेन्द्र काण्डपाल, भगवान चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।