
द्वाराहाट। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की 21 जून को प्रस्तावित पुनर्परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) युक्ता मिश्र ने द्वाराहाट स्थित बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान पहुंचकर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की गहन जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।
एडीएम युक्ता मिश्र ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए जाएंगे ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।