
दन्या (अल्मोड़ा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अल्मोड़ा जिले के दन्या में आयोजित विशाल जनसभा में क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 495.88 लाख रुपये की लागत से बने राजकीय महाविद्यालय दन्या के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया और कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके धामों और सांस्कृतिक विरासत से है तथा राज्य सरकार इनके संरक्षण और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए मास्टर प्लान के तहत वहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पार्किंग व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

विकास की बड़ी घोषणाएं
जनसभा में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं कीं, जिनमें—
- शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण।
- चमतोला खेल मैदान का निर्माण।
- राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम की स्थापना।
- जीआईसी गरुड़ाबाँज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण।
- प्रेम मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण।
- खेती-जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी से कलूटा पोलिंग बूथ तक सड़क निर्माण।
- राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी का उच्चीकरण।
“धामों के विकास से परेशान हैं तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुछ लोग तुष्टिकरण की राजनीति के कारण मंदिरों और धामों के विकास कार्यों से असहज हैं, लेकिन उत्तराखंड की आत्मा उसके धामों में बसती है। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पर्यटन और रोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन, आयुर्वेद और योग आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। “वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल” योजना के तहत स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
भ्रष्टाचार और नकल माफियाओं पर सख्ती
धामी ने कहा कि राज्य में लागू नकल विरोधी कानून ने युवाओं का भर्ती परीक्षाओं में विश्वास बहाल किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। साथ ही अवैध मदरसों और कट्टरवादी गतिविधियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत पाखंड फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कदम उठाए जा रहे हैं।
केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जोड़ी उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक मोहन सिंह महरा ने क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े लगभग 40 प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।