हरेला महाअभियान का ऐलान: हर जिले में बनेगा एक्शन प्लान, क्लस्टर स्कूलों में जल्द मिलेगी परिवहन सुविधा

देहरादून। प्रदेश में हरेला पर्व को इस बार बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रत्येक जिले को हरेला पर्व के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि हरेला पर्व को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। इसके लिए स्कूलों, एनजीओ, न्याय पंचायतों और ग्राम पंचायतों को जोड़कर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

बैठक में प्रदेश में विकसित किए जा रहे क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य क्लस्टर विद्यालयों में छात्रों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित क्लस्टर विद्यालयों में पहले उन स्कूलों को प्राथमिकता दी जाए, जहां कम समय में व्यवस्थाएं शुरू की जा सकती हैं। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा कर क्लस्टर विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए जल्द से जल्द परिवहन सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रामन, डॉ. वी. षणमुगम, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!